बड़ौत (बागपत)।
दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला और उसके चार माह के बच्चे को पति ने गुम कर दिया है। महिला के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। रजनी पुत्री पदम सिंह निवासी बाबरपुर दिल्ली की डेढ़ वर्ष पूर्व लुहारी निवासी पूरण उर्फ जितेंद्र के साथ शादी हुई । अब उसके चार माह का बच्चा भी है। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति दहेज में 50 हजार रुपये की मांग और एक फ्लैट दिलाने की मांग कर रहा था। कुछ दिन से रजनी अपने पिता के घर रह रही थी। आठ दिन पहले ही उसका पति उसे मायके से लेकर आया था। शुक्रवार की रात से रजनी बच्चे सहित लापता है। उसकी काफी तलाश की गई। उसके पिता पदम सिंह ने कोतवाली में पति के खिलाफ तहरीर देेकर कहा पति ने महिला को गायब किया है और वह उसकी हत्या भी कर सकता है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।