खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के ग्राम सुभानपुर के समीप स्थित यमुना नदी के पुस्ते के पास खड़ी घास में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में उग्र रूप धारण कर लिया। खेतों में कार्य कर रहे किसान रामबीर, हरपाल, विरेंद्र, सुनील आदि ने पुलिस को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और फायर कर्मियों ने अथक प्रयास कर आग को बुझाया। आग लगने से यमुना पुस्ते पर खड़े कुछ पेड़ भी आग की चपेट में आ गए। आग बुझने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली।