खेकड़ा (बागपत)।
गाजियाबाद क्षेत्र के ग्राम बदरपुर से नौ अप्रैल को शादी समारोह में भाग लेने गए ग्राम सैड़पुर निवासी एक युवक की चोरों ने बाइक चोरी की। उसने गाजियाबाद कोतवाली में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। गाजियाबाद कोतवाली पुलिस तभी से बाइक व चोरों का सुराग लगाने में जुटी थी। खेकड़ा कोतवाली पुलिस ने खेकड़ा के जंगल से लोगों की सूचना पर एक लावारिस बाइक बरामद की और पुलिस बाइक को कोतवाली ले आई। पुलिस की सूचना पर बाइक मालिक भी कोतवाली पहुंचा और उसने पुलिस के सामने बाइक चोरी करने को लेकर एक युवक पर शक जताया। पुलिस ने रविवार को उक्त युवक को बाइक चोरी के मामले में हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि बाइक बरामद कर ली है। बाइक चोरी के मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।