बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे किनारे बुधवार को मिले अज्ञात शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। उसका बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस ने जांच में उसके मुस्लिम होने की पुष्टि की है।
दिल्ली-सहारनपुर हाइवे किनारे गत बुधवार को क्रिस्तु ज्योति स्कूल के पास एक शव मिला था। पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। शव का अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई। उसकी हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही थी। एसएसआई धर्मेन्द्र सिंह संधू ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम में मौत के कारण का पता नहीं चल सका है। उसका बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। उसे आगरा लैब में भेजा जाएगा। मृतक की उम्र 45 साल है। जांच में यह भी पता चला है कि वह मुस्लिम था। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। वहीं इससे पहले भी औद्योगिक क्षेत्र बागपत में हत्या कर शव जला दिया गया था। पुलिस उसकी भी शिनाख्त नहीं करवा पाई। इसके बाद कलक्ट्रेट की ज्ञान वाटिका में अज्ञात शव पड़ा मिला था। उसकी भी आज तक पहचान नहीं हो सकी।