बिनौली (बागपत)।
पुलिस ने होली के दिन दो सगे भाइयों पर हुए जानलेवा हमले के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर माल माजरा के नरेश पाल हत्याकांड के एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बडावद गांव में दुल्हेंडी के दिन दो सगे भाई अरुण और टिंकू पुत्र गुलाब दलित को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के संबंध में घायलों के चचेरे भाई शेखर पुत्र बालेश ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बिनौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार की देर शाम बिजवाड़ा गेट के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ की तो उन्होंने बड़ावद की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपियों भूदेव पुत्र राजेश कुमार निवासी खिरनी मोहल्ला नेहरु रोड बड़ौत और विधान उर्फ काला पुत्र इकबाल सिंह निवासी बड़ावद ने बताया कि दोनों भाइयों के साथ झगड़ा होने के कारण गोली मारी । पुलिस ने आरोपी भूदेव से एक 315 बोर तमंचा और कारतूस और हमले में प्रयोग की बाइक को भी बरामद कर लिया है, दोनों का चालान कर बागपत न्यायालय में पेश किया।
दूसरी तरफ बिनौली थाना पुलिस ने माल माजरा गांव के नरेश पाल हत्याकांड में शामिल रहे तीसरे आरोपी मनोज पुत्र सोमपाल बाल्मीकि निवासी जिवाना गुलियान को मुखबिर की सूचना पर रविवार को सुबह जिवाना गेट के पास से गिरफ्तार किया। हत्याकांड में शामिल मृतक के सगे भाई सहित दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना में शामिल चौथा आरोपी अभी फरार है। इसे जल्द पकड़ने का पुलिस दावा कर रही है।