बड़ौत (बागपत)। पुलिस ने मंगलवार की रात में पीएन शर्मा पार्क पर हरियाणा से स्कूटी द्वारा लाई जा रही देसी शराब पकड़ कर बाप-बेटे को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शराब तस्कर विनोद पुत्र राज कुमार और उसका बेटा अभिषेक आजादनगर बड़ौत के हैं। कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव को सूचना मिली एक स्कूटी पर हरियाणा से दो लोग शराब की तस्करी कर ला रहे हैं। सूचना पर उन्होंने पुलिस बल को पीएन शर्मा पार्क पर चेकिंग के निर्देश दिए, तभी स्कूटी से बाप-बेटा आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और उनसे भारी मात्रा में हरियाणा मार्का के आधे और पव्वे बरामद किए हैं। पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर चालान किया।