दोघट (बागपत)। जनपद में एक ओर रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस बार बामनौली गांव के किसान प्रशांत से 5लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ ।
बामनौली निवासी प्रशांत ने पुलिस अफसरों को दिए शिकायत पत्र में बताया 22 अगस्त की शाम उनके पास अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन कर्ता ने उनसे 5 लाख रुपये की मांग की। फोन करने वाले व्यक्ति ने रुपये नहीं देने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी । तभी से पूरा परिवार भयभीत है। उसने अपनी सुरक्षा और फोनकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दोघट थाना प्रभारी चितवन कुमार ने कहा पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फोन करने वाला कौन और कहां का है। इसका पता करने का प्रयास किया जा रहा है। सर्विलांस की भी मद्द ली जा रही है। जल्द ही पता लगाकर केस का खुलासा किया जाएगा।
एक के बाद एक से मांगी जा रही रंगदारी
बागपत। जिले में रंगदारी मांगने का सिलसिला जारी है। आठ अगस्त को रटौल के लोहा व्यापारी सुनील गोयल पर फायर कर चिट्ठी के माध्यम से बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी । इससे पहले कस्बा छपरौली में मेडिकल स्टोर संचालक और स्वीट व्यापारी और बड़ौत में भाजपा नेता हरेंद्र शर्मा से रंगदारी मांगी जा चुकी है।