सरुरपुर गांव में एक मजदूर को कुएं में लटकाने और करंट लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि एक किसान के परिवार ने उस पर मकान से रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। इसी के चलते उसको यातनाएं दी गई। उसको बच्चों सहित गांव छोड़ने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की पुलिस से शिकायत की है।
गांव निवासी सुंदर का कहना है कि वह गन्ना क्रेशर पर मजदूरी करता है। उसका गांव के एक किसान के घर पर पिछले कई वर्षों से आना-जाना है। उसने बताया कि उक्त परिवार के लोग उसे दो जुलाई को घर से बुलाकर ले गए और उस पर मकान से हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। चोरी करना स्वीकार कराने के लिए उसको खेत में ले जाकर खूब यातनाएं दी। उसकी बुरी तरह से पिटाई की। उसको कुएं में लटकाया और करंट लगाया गया। धमकी दी कि किसी के सामने मुंह खोला तो जान से मार दिया जाएगा। उनके कहने के अनुसार वह गांव से भी चला गया था। आरोपियों ने उसकी पत्नी राजेश के साथ भी मारपीट की और बच्चों को गांव छोड़ने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार काफी भयभीत है। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उधर, सरुरपुर चौकी इंचार्ज योगराज सिंह का कहना है कि पीड़ित ने मारपीट कर कुएं में लटकाने की शिकायत की है। प्रथम दृष्टता मामला मारपीट का है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।