बड़ौत (बागपत)। पठानकोठ मोहल्ले में रविवार को नाई की दुकान पर बाल कटवाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दबंगों ने एक मकान में घुसकर परिवार की महिलाओं पर फावडे़ से हमला बोल दिया। इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गयी। दबंगों ने फावड़े से तीन महिलाओं को घायल कर दिया, जिन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
रविवार की सुबह इरफान पुत्र मांगा नगर की एक दुकान पर बाल कटवा रहा था। उसी दुकान पर फिरोज व सुहैल पुत्र शहजाद भी कटिंग करा रहे थे। इस बीच इरफान और फिरोज की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़ा बढ़ता देख वहां पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन जैसे ही फिरोज व सुहैल बाल कटवाकर घर पहुंचे तो इरफान वहां पर अपने एक साथी के साथ फावड़ा लेकर आ धमका और परिवार की महिलाओं पर हमला बोल दिया। इससे फिरोज व सुहैल वहां से भाग निकले। जबकि, इरफान ने फावडे़ से आइसा व हिना पुत्र शहजाद व फरजाना पत्नी शहजाद को घायल कर दिया। सूचना पर काफी संख्या मेें पहुंचे लोगों को देख इरफान वहां से भाग निकाला। घायलों को सीएचसी पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गयी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।