बागपत। सरूरपुर कलां गांव निवासी 80 वर्षीय रामसरी ने बताया कि उसने अपनी चार बीघा कृषि भूमि की वसीयत अपने पौत्र के नाम की थी। बड़ौत निवासी दामाद धर्मवीर उसकी पेंशन बनवाने के बहाने से अपने घर ले गया। धोखे से उसकी वसीयत तुड़वाकर चार बीघा कृषि भूमि का 19.20 लाख रुपये में सरूरपुर कलां की महिला के नाम 19 जून 2017 में बैनामा करा दिया। उसकी इसकी भनक तक नहीं लगी। डेढ़ साल बाद से जमीन बेचने की जानकारी हुई। उसने दामाद से जमीन के रुपये लौटने को कहा तो उसने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दामाद धर्मवीर व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।