अमीनगर सराय (बागपत)। बिलौचपुरा गांव में सोमवार को ग्राम प्रधान दिलशाद के घेर में पिलाना सीएचसी अधीक्षक डॉ. यशवीर के नेतृत्व में टीम बच्चों को खसरा और रुबेला के टीके लगा रही थी। इसी दौरान गांव का ही झोलाछाप डॉक्टर वहां पहुंचा और मुस्लिम परिवारों को टीकाकरण न करने के लिए उकसाने लगा। आरोपी ने एएनएम और आशा के साथ गाली गलौज की। सीएचसी अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। टीम ने मुस्लिम परिवार को टीकाकरण के फायदे बताए। इसके बाद परिजनों ने बच्चों को टीके लगवाए। सीएचसी अधीक्षक ने झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी। डॉ. यशवीर ने बताया कि उन्होंने 21 दिसंबर को फर्जी चिकित्सक हैदर अली के क्लीनिक पर छापा मारा। उसके पास कोई प्रमाणपत्र नहीं मिला। सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।