दोघट (बागपत)। कस्बा में उत्तराखंड पुलिस ने लापता ट्रक चालक की तलाश में दबिश दी, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। उत्तराखंड पुलिस के एसआई राजेश कुमार टीम के साथ रविवार को दोघट थाने पहुंचे और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कस्बे में लापता ट्रक चालक दीवान पुत्र फेरू की तलाश में दबिश दी, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं लग सका। एसआई राजेश कुमार ने बताया कि चालक दीवान दिसंबर 2017 में मंगलौर से ट्रक में माल भरकर सिलिगुड़ी के लिए चला था लेकिन रास्ते में गायब हो गया था। ट्रक मालिक खुशी राम ने मंगलौर थाने में चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं दीवान के भाई ने दोघट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।