बदनामी के डर से की थी साहिल की हत्या
बड़ौत (बागपत)। बड़का गांव के साहिल की हत्या बदनामी भय से चाचा और भतीजे ने चाकू से गोदकर की थी। पुलिस ने इसका खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका चाचा फरार है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
साहिल पुत्र शौकीन बड़का गांव का रहने वाला था। वह मजदूरी का कार्य करता था। 31 जुलाई को घर से गांव में गया था, लेकिन उसका फिर कहीं पता नहीं चला था। उसके पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दो अगस्त को उसका शव गर्दन ढोढरा गांव के जंगल में पड़ा मिला था। उसकी गला रेत कर और चाकू से गोदकर हत्या की थी। कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव ने बताया जांच में कपिल पुत्र रजा और उसका चाचा संतोष घीसू निवासी बड़का का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि साहिल उनके परिवार की युवती को छेड़ता था। मना करने पर भी नहीं माना। इससे उनकी बदनामी हो रही थी। इसे लेकर 31 जुलाई को हमने उसे बुलाया और उसे ढोढरा गांव के जंगल में ले गए। जहां उसे शराब पिलाई और बाद में चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कपिल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। अभी चाचा संतोष फरार है।