बागपत। पाली गांव में मंगलवार की रात में बारात में हुए विवाद को लेकर सात-आठ युवकों ने पिता-पुत्र पर हमला बोल दिया। इस दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की। पाली गांव निवासी विजयपाल शर्मा ने दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को गांव से बारात मेरठ जनपद के रसूलपुर में गई । बारात में गांव के ही कुछ युवकों का उसके बेटे मिथुन के साथ झगड़ा हो गया । देर रात पिता-पुत्र सेंट्रो कार से घर लौट रहे थे। पाली गांव में पहुंचे तो सात-आठ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्हें कार से नीचे उतारकर बेरहमी से पीटा। इसमें पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।