बिनौली (बागपत)। बरनावा गांव में वाहन चोरी करने का प्रयास कर रहे चोरों में से एक को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
बरनावा गांव में जैन मंदिर के एक मोहल्ले में आशु कुरैशी की पिकप गाड़ी रास्ते पर खड़ी थी। मंगलवार रात्रि चोरों ने उसके लॉक खोलकर चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने चोरों को देखकर शोर मचाया तो कई ग्रामीण उधर दौड़े। ग्रामीणों को देखकर दो चोर भाग खड़े हुए जबकि एक चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई की और थाना पुलिस को सूचना दी। बाद में चोर को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पकड़ा गया चोर कस्बा सिवाल का रहने वाला है, जिसे दो दिन पूर्व भी वाहन चोरी के प्रयास में पकड़ा गया था, तब उसके परिजनों को बुलाकर नसीहत देकर छोड़ दिया गया था। इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट का इस बाबत कहना था कि मामले की जांच की जा रही है।