बड़ौत (बागपत)।
यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के विज्ञान के पेपर में बिजरौल गांव स्थित इंटर कॉलेज व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान के पेपर में एक-एक छात्र को टीम ने नकल करते दबोचा। संकलन केंद्र प्रभारी डॉ. रेखा सिंह ने बताया कि हाईस्कूल विज्ञान के पेपर में 9681 में से 9147 छात्र उपस्थित रहे जबकि 534 छात्र अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर का रसायन विज्ञान पेपर में 5662 में से 5327 छात्र उपस्थित रहे और 335 छात्र अनुपस्थित रहे।
बड़ौत के श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, दिंगबर जैन इंटर कॉलेज, वीर स्मारक इंटर कॉलेज व श्री महात्मा गांधी इंटर कॉलेज सहित तहसील क्षेत्र के 28 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार सुबह भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच प्रथम पाली की परीक्षा सुबह साढे सात बजे से शुरू कराई । प्रथम पाली में हाईस्कूल के विज्ञान विषय के पेपर मेें बिजरौल गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में शिक्षा विभाग की टीम ने एक नकलची को दबोचा जबकि द्वितीय पाली में सचल दल की टीम ने किरठल गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में नकल कर रहे एक परीक्षार्थी को दबोचा।