फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मीतली में संविदा लाइनमैन की करंट से मौत, हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। मीतली बिजलीघर पर हाईटेंशन विद्युत लाइन में फाल्ट ठीक कर रहे संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने बागपत-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम व कई थानों का पुलिस फोर्स पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस के सामने एसडीओ की कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया। एसडीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। मृतक के परिजनों ने एसएसओ के खिलाफ तहरीर दी।
विज्ञापन

बसा टीकरी गांव निवासी मोनू (24) पुत्र कर्म सिंह विद्युत उपकेंद्र मीतली पर संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात था। भाई राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह सात बजे बिजलीघर के एसएसओ देवेंद्र कुमार ने फोन कर मोनू को बिजलीघर पर बुलाया। वह विद्युत लाइन में फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। जब मोनू फाल्ट ठीक कर रहा था तो आरोप है कि एसएसओ ने विद्युत लाइन चालू कर दी। हाईटेेंशन विद्युत लाइन का करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। सूचना पर परिजन व ग्रामीण बिजल्रीघर पर पहुंचेे तो एसएसओ भाग निकला। नाराज ग्रामीणों ने बागपत-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सिटी ओमपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह व सिंघावली अहीर, खेकड़ा थानों की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
एसडीएम राजपाल व विद्युत निगम के एसडीओ राणा प्रताप ग्रामीणों के बीच पहुंचे और मृतक के परिजनों से वार्ता की। इसी बीच गुस्साई महिलाओं ने पुलिस के सामने एसडीओ की कार मेें तोड़फोड़ कर दी। कार चालक कैलाश के साथ मारपीट की। पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया। एसडीओ ने मृतक के परिजनों को साढ़े सात लाख रुपये मुआवजा दिलाने व एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद जाम खोल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई ने एसएसओ के खिलाफ तहरीर दी। सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


तीन घंटे जाम में फंसे रहे यात्री
अग्रवाल मंडी टटीरी। मीतली में बागपत-मेरठ मार्ग पर तीन घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। भीषण गर्मी में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं व बच्चे बिलबिला गए। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला।

परिवार में मचा हुआ है कोहराम
अग्रवाल मंडी टटीरी। मृतक संविदा लाइनमैन मोनू की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भाई राकेश ने बताया कि मोनू अविवाहित था। वह सात भाई थे। सबसे छोटा मोनू था। उसकी मौत पर मां सोहनवीरी का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने बताया कि वह आठ साल से संविदा लाइनमैन के पद पर कार्य कर रहा था। साढ़े छह हजार रुपये मानदेय मिलता था।

परिवार की हरसंभव मदद का आश्वासन
अग्रवाल मंडी टटीरी। एसडीओ राणा प्रताप ने बताया कि पीड़ित परिवार को साढ़े सात लाख रुपये आर्थिक मदद के रूप में दिए जाएंगे। इसके अलावा विभाग की तरफ से हर संभव सहायता की जाएगी। बिजलीघर के एसएसओ के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। दोषी जाए जाने पर कार्रवाई होगी।

बेमौत मर रहे संविदा लाइनमैन
बागपत। विद्युत निगम की लापरवाही के कारण संविदा लाइनमैन बेमौत मर मर रहे हैं। शट डाउन लेने के बाद भी बिजली घर से विद्युत लाइन चालू कर दी जाती है और करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो जाती है। आज तक विद्युत निगम ने लापरवाही करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। मुआवजे के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। कई लाइनमैनों के परिवार आर्थिक तंगी झेल रहे हैं।

सीओ ने ग्रामीणों पर फेंके पत्थर
फोटो
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। मीतली बिजलीघर में तैनात संविदा लाइनमैन की मौत के बाद विद्युत निगम के एसडीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ कर रहे ग्रामीणों को देखकर सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। सीओ ने ग्रामीणों पर कई पत्थर फेंके। इस घटना की वीडियो वायरल हो रही है। इस संबंध में सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि एसडीओ की कार में तोड़फोड़ कर ग्रामीणों को डराने के लिए पत्थर फेंका था। किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें