बड़ौत (बागपत)। गांधी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से घर लौट रहे एक छात्र को तीन-चार युवकों ने जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर युवक बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घायल छात्र सोनू नगर के ही एक निजी स्कूल में 10वीं का छात्र है। रविवार को वह अपने गांव वाजिदपुर से साइकिल पर एक कोचिंग सेंटर आया था। कोचिंग पूरी कर जब वह साइकिल पर घर जा रहा था, तभी रेलवे रोड पर तीन-चार युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। बाद में पुलिस ने युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना था कि तहरीर मिलने पर ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।