बड़ौत (बागपत)। छपरौली चुंगी से सटे शिव विहार से एक व्यक्ति तीन दिन से लापता है। उसकी पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए अपहरण की आशंका जताई। प्रवेन्द्र पुत्र राज सिंह छपरौली चुंगी से सटे शिव बिहार का रहने वाला है। वह तीन अक्तूबर को बाइक से अपनी मां को छोड़ने के लिए गया था और मां को बस में बैठाने के बाद लापता हो गया। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इस संबंध में उसकी पत्नी मीनाक्षी ने तहरीर देते हुए उसके अपहरण की आशंका जताई। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली है।