बड़ौत (बागपत)।
बीए में प्रवेश के नाम पर सोनीपत हरियाणा के दो दोस्तों से खड़खड़ी के दो युवकों ने 30 हजार रुपये ठग लिए। प्रवेश न होने पर जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस पर युवकों ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
हरि सिंह पुत्र दिलशेर सिंह निवासी पसौंडी सोनीपत हरियाणा अपने दो भतीजों के साथ कोतवाली पहुंचा। उसने तहरीर देते हुए बताया कि खड़खड़ी गांव के तरुण और वरुण नाम के दो युवक 8 दिन पूर्व उनके भतीजे अजय व जयदेव का बीए में प्रवेश कराने के नाम पर 30 हजार रुपये ले आए। उन्होंने यह भी बताया कि एक छात्र नेता उनका प्रवेश करा देगा। जब कई रोज बीत गए और प्रवेश नहीं हुआ तो हरि सिंह अपने भतीजों के साथ उनके पास पहुंचा और रुपये वापस मांगे तो उन्होंने उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। बताया जाता है कि ये दोनों युवक पहले भी इस प्रकार की ठगी कर चुके हैं।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी हरे राम यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।