बड़ौत (बागपत)।
मलकपुर चीनी मिल से चीनी भरकर राजस्थान के लिए चले ट्रक का पता नहीं लग पाया है। बुधवार की देर रात ट्रांस्पोर्टर ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की।
उत्तराखंड और यूपी सीमा नार्सन स्थित चौधरी ट्रांस्पोर्ट कंपनी ने 18 जून को ट्रक नंबर एचआर 39 बी 6863 को बुक कराया था, जिसे मलकपुर चीनी मिल से चीनी लेकर इंदरगढ़ कोटा राजस्थान जाना था। कंपनी मालिक नितिन चौधरी ने बताया कि इस ट्रक में चालक राजेश कुमार सिंह पुत्र जगवीर, सिमराऊ हिसार हरियाणा निवासी है। साथ ही उसका मालिक बलवान सिंह पुत्र पोखर कंाकरू भी हरियाणा से है। ट्रक में 18 जून की रात्रि में चीनी मिल से 15 टन चीनी (कीमत 5.20 लाख) लादी थी। 19 जून की प्रात: 7 बजे यह मिल से रवाना हुआ, लेकिन अभी तक गंतव्य स्थान पर नहीं पहुंचा और चालक का मोबाइल भी स्विच ऑफ है। ट्रांस्पोर्ट कंपनी के मालिक बुधवार की देर रात बड़ौत पहुंचे। पहले उन्होंने मलकपुर चीनी मिल में इस मामले की जानकारी ली और उसके बाद कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी। उनका कहना है कि या तो ट्रक लूटा गया है या ट्रक चालक चीनी लेकर फरार हो गया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह यादव का कहना है कि अभी इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।