कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस हरकत में आ गई है। जिले में पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर लिया है। 11 सौ लोग ऐसे है जो माहौल बिगाड़ सकते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान चिन्हित किए गए लोग पुलिस की नजरों में रहेंगे। कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों पर खास नजर रहेगी।
कांवड़ यात्रा को शांति पूर्वक कराने के लिए पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षा प्लान तैयार कर काम शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारी गांव-गांव जाकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर रहे हैं। लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया। जिले में करीब 11 सौ लोग ऐसे हैं, जो माहौल बिगाड़ सकते हैं। इन लोगों पर पुलिस की नजर रहेगी। कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगने का काम शुरू कर दिया है। शिविरों में कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। कांवड़ मार्ग पर पुलिस रात-दिन गश्त करेगी। कांवड़ यात्रा के दौरान इन अस्पतालों की एंबुलेंस पुलिस के पास रहेगी। किसी भी आपात स्थिति या शिव भक्तों के चोट लगने की सूरत में पुलिस तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाएगी। इसी के साथ कांवड़ मार्ग पर आने वाली मीट की दुकानों को भी बंद करवाया जाएगा।
बिजली विभाग भी रहेगा सतर्क
बागपत। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर लगाने वाले लोगों को दमकल विभाग और बिजली विभाग से एनओसी लेनी होगी। इससे शिविर में बिजली की व्यवस्था ठीक प्रकार से हो सकेगी। बिजली विभाग को शॉर्ट सर्किट होने पर दमकल को सूचना देनी होगी। कांवड़ यात्रा के दौरान दमकल की गाड़ी भी मौजूद रहेगी। बिजली विभाग की ओर से बिना जांच व एनओसी के कनेक्शन या चोरी से चलता पाया गया तो कार्रवाई होगी।