बागपत। दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात महिला से मिलने आए दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बंधक बनाकर पिटाई की। सूचना मिलने पर युवकों के रिश्तेदार हथियार लेकर महिला के घर पर पहुंच गए और हवाई फायरिंग कर दोनों युवकों को छुड़ाकर ले गए। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। शुक्रवार को परिजन महिला को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने एसपी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने एसपी को बताया कि दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की पहली पत्नी की दस साल पहले मौत हो गई थी। उसके पांच बच्चे हैं। युवक ने बच्ची की मौसी से दूसरा निकाह कर लिया था। युवक हैदराबाद में फेरी पर कपड़े बेचने का काम करता है और कई-कई माह में घर आता है। बच्चों ने एसपी को बताया कि बृहस्पतिवार शाम तीन बजे दो युवक उनके घर आए थे। शाम को आठ बजे खाना खाने के बाद बच्चे लेट गए। महिला दोनों युवकों के साथ अलग कमरे में चली गई। रात्रि 11 बजे बच्चों की आंख खुल गई तो उन्होंने अपनी मौसी को युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। बच्चों ने पड़ोसी युवक को फोन कर दिया। रात्रि में उनके घर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया और बंधक बनाकर पिटाई की। आरोपी युवकों ने गांव मेें ही अपने रिश्तेदारों को फोन कर बुला लिया। 20-25 लोग तमंचे व लाठी-डंडे लेकर महिला के घर पहुंच गए और हवाई फायरिंग कर दोनों युवकों को जबरन छुड़ाकर ले गए।
सूचना पर पुलिस गांव पहुंची, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह परिजन ने दोघट थाने पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दोघट थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि युवक महिला के रिश्तेदार थे। परिजनों ने उनके साथ मारपीट की है। महिला ने अपने ही जेठ पर बुरी नीयत रखने का आरोप लगाया है। महिला को फिलहाल ननद व ननदोई के साथ भेज दिया गया है।