किसान के खाते से 97 हजार रुपये निकाले
बड़ौत (बागपत)। किसान का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 97 हजार रुपये निकाले। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली में दी गई तहरीर में बावली गांव निवासी पुनीत कुमार पुत्र महावीर ने बताया कि वह चार दिन पूर्व दिल्ली रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था। उसने पास खड़े व्यक्ति की मदद से 10 हजार रुपये निकाल लिए और वापस आ गया। सोमवार को जब वह सिंडिकेट बैंक अपनी पासबुक में एंट्री कराने गया तो उसमें 97 हजार रुपये निकलने दिखाए गए। एटीएम कार्ड देखा तो वह उसका नहीं था। उसने बताया कि ये रुपये तीन बार में मेरठ, मुजफ्फरनगर और रुड़की से निकाले गए हैं। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिल गई है और जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो