छपरौली (बागपत)। तुगाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने आरपीएफ के जवान को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इस संबंध में थाने पर दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। तुगाना गांव निवासी अनुज पुत्र रोहताश आरपीएफ का जवान है। बुधवार को वह गांव में छुट्टी पर आया हुआ था। पिता रोहताश ने बताया कि बुधवार की शाम अनुज दौड़ लगाने के लिए जा रहा था। रास्ते में गांव के ही दो युवकों से उसका विवाद हो गया। दोनों युवक उससे काफी दिनों से रंजिश रखते हैं। दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से गोली चला दी। गोली अनुज के सिर को छूती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। अस्पताल से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। इस संबंध में थाने पर दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।