बागपत। खेकड़ा थाना क्षेत्र के नूरपुर मुजबिदा गांव के पीड़ित परिवार ने दो भाइयों पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाया है। इससे युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन जब तांत्रिकों से शिकायत करने गए तो उन्होंने घर में घुसकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की। परिजनों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर तांत्रिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नूरपुर मुजबिदा गांव निवासी जयबीर पुत्र कलीराम को बीमारी की हालत में लेकर परिजन एसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एसपी को बताया कि गांव के ही दो सगे भाई तांत्रिक क्रिया करते हैं। वह आपराधिक किस्म के है। उन्होंने जयबीर पर तांत्रिक क्रिया की हुई है। जिस कारण उसकी हालत बिगड़ती जा रही है। उन्होंने अच्छे से अच्छे अस्पताल में चिकित्सकों से उसका इलाज कराया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं है। गत बुधवार को वे तांत्रिक भाइयों को शिकायत करने गए तो उन्होंने धमका भगा दिया। कुछ समय बाद दोनों तांत्रिक भाई उनके घर पहुंचकर परिजनों के साथ मारपीट की। धमकी दी कि हमने ही युवक पर तांत्रिक क्रिया की हुई है। दीवाली से पहले ही उसकी मौत हो जाएगी। इसके बाद पीड़ित परिवार भयभीत है। उन्होंने खेकड़ा थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।