बागपत। तीन साल से फरार चल रहे पांच हजार इनामी बदमाश को क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश पर बागपत में दो मुकदमे दर्ज हैं। पकड़ा गया इनामी ऋषि कुमार पुत्र रणधीर सिंह निवासी राकेश कॉलोनी पानीपत का निवासी है। वह वर्ष 2015 से पुलिस के सिर का दर्द बना हुआ था। क्राइम ब्रांच बागपत प्रभारी संजीव सुमन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पता चला इनामी पानीपत में हुए एक सड़क हादसे में घायल हैं और अपने घर में ही रह रहा है। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची और इनामी को दबोच लिया। इसके बाद टीम उसे लेकर कोतवाली पहुंची । बदमाश पर बागपत कोतवाली में गैंगेस्टर और धोखाधड़ी का मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश करेगी।