बागपत। सोमवार की रात में चोर शहर में मेरठ रोड पर स्थित सुपर मार्केट में स्थित दो दुकानों से चोर चार लाख रुपये का सामान चुराकर ले गए। मंगलवार की सुबह घटना के विरोध में दुकानदारों ने हंगामा किया। पुलिस से खुलासे की मांग की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र खुलासा नहीं किया तो स्थानीय पुलिस कर्मियों की उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।
मोहल्ला मुगलपुरा बागपत निवासी आमिर खान पुत्र मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि उसकी मेरठ रोड पर सुपर मार्केट में सहारा इनवेटर बैटरी के नाम से दुकान है। सोमवार की रात में चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से 15 बड़ी बैटरी, 35 छोटी बैटरी, ऑटोमेटिक स्टेपलाइजर, गैस सिलेंडर, बैटरी चार्जर, कूलर समेत 3.50 लाख रूपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने उसके पास स्थित नईम पुत्र हाजी नसीम निवासी मोहल्ला केतीपुरा बागपत की गैस वेल्डिंग की दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान की दीवार में पीछे से कुंबल लगाकर नौ एडियेटर, गैस सिलेंडर, गैस कटर, लोहे का सामान सहित 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।
शहर के मुगलपुरा मोहल्ला निवासी ताहिर मलिक पुत्र हाजी इस्लामुद्दीन ने बताया कि मेरठ रोड पर उसकी इंडिया बैटरी के नाम से दुकान है। सोमवार की रात में चोरों ने दुकान में नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया। इससे पहले दो बार दुकान में चोरी की घटनाएं हो चुकी है। मंगलवार को सुबह के समय चोरी की घटनाओं का पता चलने पर दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना के विरोध में दुकानदारों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि पुलिस रात्रि में गश्त नहीं करती है। इसलिए चोर दुकानों मेें घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र घटनाओं का खुलासा नहीं किया तो स्थानीय पुलिस कर्मियों की उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। दोनों दुकानदारों ने दुकान से सामान चोरी होने की तहरीर दी। हंगामा करने वालों में ताकिर, दिलशाद, अंशुल जैन, शेखर, महताब, योगेश, फिरोज, रिजवान, विनोद, नईम, इमरान, सुरेश, अजय जैन, बिल्लू आदि रहे।