बागपत। पाबला गांव में ईंट भट्ठे पर मजदूरों के दो परिवारों को बंधक बनाकर रखे जाने का आरोप लगाया गया है। उन्हें तीन माह से मजदूरी भी नहीं दी गई। दो लोगों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
निवाड़ा निवासी दिलशाद और वाजिदपुर निवासी मुस्तकीम परिवार सहित पाबला में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। उन्होंने एसपी को बताया कि एक मार्च 2018 को वे परिवार सहित भट्ठे पर आए थे। भट्ठा मालिक और ठेकेदार ने उन्हें समय-समय पर कुछ खर्च भी दिया। 10 दिन पहले उन्होंने ठेकेदार से मजदूरी के रुपये मांगे। लेकिन ठेकेदार ने रुपये देने से इंकार कर दिया। उनके साथ अभद्रता कर मारपीट की गई। जब वे भट्ठा मालिक से शिकायत करने पहुंचे तो मालिक ने उनकी तरफ ही एक लाख रुपये बकाया बता दिए। आरोप है कि यह पैसा पूरा होने तक आगे मजदूरी न देने की धमकी दी गई। यह भी आरोप है कि भट्ठा मालिक और ठेकेदार ने दोनों मजदूरों के परिवारों को बंधक बना लिया है और उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। किसी तरह दोनों मजदूर उनके चंगुल से छूटकर भाग आए है। उन्होंने एसपी से परिवारों को बंधन मुक्त कराकर भट्ठा मालिक और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।