बड़ौत (बागपत)।
कपड़े की फेरी लगाने वाले और एक किसान से अलग-अलग रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
फारूख पुत्र बाबू नाला जनपद शामली का रहने वाला है। वह फेरी पर कपड़े बेचता है। उसके मोबाइल पर फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि पांच लाख रुपये भिजवा देना, हम बाद में टेलीफोन करेंगे कि तुम्हें कहा पैसे भिजवाने है। यदि पुलिस को सूचना दी और पैसे का इंतजाम नहीं किया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। भयभीत फारूख ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने जिस नंबर से फोन आया है उसको ट्रेस शुरू कर दिया है। वह नंबर मलकपुर गांव के किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है पुलिस जांच कर रही है। रंगदारी की दूसरी वारदात गुराना गांव के किसान राजीव पुत्र रामकिशन से हुई। उसने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि एक सीआरपीएफ का जवान उनके घर आया और वह बंदूक लिए था। उसने कहा कि 10 लाख रुपये का इंतजाम कर दो नहीं तो पूरे परिवार को जान से मार दूंगा। पुलिस ने तहरीर लेकर इस मामले की जांच शुरू कर दी।