बागपत। कपड़ा व्यापारी अयूब की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी नाजिम ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर किया। केस के दो आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। बालैनी क्षेत्र के दौलतपुर गांव के कपड़ा व्यापारी अयूब की 15 जुलाई को कैड़वा गांव के पास गोली मारकर हत्या की। सिंघावली अहीर थाने में इसका अज्ञात में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने 22 जुलाई को युवक सुहैब और तौसिक निवासी दौलतपुर को गिरफ्तार कर केस का खुलासा किया। वारदात में तीसरे आरोपी नाजिम ने बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया। थानाध्यक्ष तेजेंद्रपाल सिंह ने कहा नाजिम को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी।