बागपत। खैला गांव में सेना के जवान की संदिग्ध हालात में मौत की जांच शुरू हो गई है। बटालियन के नायक ने जवान के पिता पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मौत की जांच शुरू कर दी गई है।
चांदीनगर क्षेत्र के गांव खैला गांव के श्रीपाल का बेटा अनिल आर्मी सप्लाई कौर बटालियन 5685 हल्द्वानी में सिपाही के पद पर कार्यरत था। वह रक्षाबंधन पर 15 दिन की छुट्टी लेकर अपने घर आया, लेकिन दस अगस्त की रात में संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने उसकी यूनिट में ह्दय गति रुकने से मौत की सूचना दी थी। इसके बाद बगैर पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। बटालियन के नायक सुनील कुमार ने बताया कि ड्यूटी क्लर्क को दिल का दौरा पड़ने से मौत बताई गई थी, लेकिन परिवार के लोगों ने उसे न तो कहीं भर्ती कराया और न ही इलाज के साक्ष्य प्रस्तुत कर सके। यही नहीं पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया। जवान की मौत की जांच के लिए उसके पिता श्रीपाल और परिजनों के खिलाफ धारा 304 एवं 201 में मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती का कहना है कि केस की विवेचना शुरू कर दी गई है।