बागपत। शहर के ईदगाह मोहल्ले में दिन दहाड़े तीन-चार युवकों ने तमंचे के बल पर घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन व कानों की बाली लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। महिला ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी ने कहा मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।
मोहल्ला ईदगाह बागपत निवासी इमराना पत्नी जुल्फिकार ने बताया कि सोमवार को वह घर में अकेली थी। उसके पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर दो बजे के लगभग मोहल्ले के ही तीन-चार युवक घर में घुसे और तमंचे से आतंकित कर उसके गले से सोने की चेन व कानों की बाली लूट ली। विरोध करने पर महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर आरोपी मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस संबंध में महिला ने कोतवाली में तीन युवकों को नामजद कर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। महिला के साथ मारपीट हुई है। लूट का आरोप गलत है। मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।