बागपत। रटौल में लोहा व्यापारी सुनील गोयल को गोली मारकर बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के विरोध में व्यापारियों ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर प्रदर्शन किया। एएसपी के दो दिन में केस का खुलासा करने के आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए। चेतावनी दी निर्धारित समय में केस का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी एसपी दफ्तर में पहुंचे। उनका कहना है कि रटौल गांव में लोहा व्यापारी सुनील गोयल को मंगलवार दोपहर गोली मारकर दुकान में चिट्ठी फेंककर बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उनसे पहले भी रंगदारी मांगी जा चुकी है। पुलिस की ठोस कार्रवाई न होने से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर रासुका की कार्रवाई की जाए। 28 जुलाई को बागपत शहर के मोबाइल शोरूम से करीब 50 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था। पुलिस अभी तक केस का खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने एएसपी से जल्द से जल्द केस का खुलासा करने की मांग की। इसमें सुरेंद्र वर्मा, अंकुर शर्मा, पवन गोयल, पंकज गुप्ता, बृजेश गोयल, श्याम सुंदर गर्ग, श्रीयांस जैन, राकेश बंसल, श्रीपाल वर्मा, गौरव जिंदल, शिवकुमार मित्तल आदि रहे। एएसपी अजय कुमार सिंह ने उनको दो दिन के अंदर रटौल के केस का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।