बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी किसान मिंटू की हत्या का पुलिस चार दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी। पुलिस ने हत्यारों की तलाश में मेरठ जनपद में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मंसूरपुर गांव निवासी मिंटू (30) पुत्र वीरसैन की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। 30 जनवरी को उसका शव ललियाना गांव निवासी किसान सियानंद के खेत में पड़ा मिला। वह 28 जनवरी से लापता था। पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर पाई। शनिवार को पुलिस ने मेरठ जनपद में कई स्थानों पर हत्यारों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस अभी तक हत्यारे का पता नहीं लगा पाई। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं। मेरठ, गाजियाबाद जनपदों में दबिश दी जा रही है। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। पुलिस जल्दी ही केस का खुलासा करेगी।