बागपत। गौरीपुर मोड़ से तीन बदमाशों ने लिफ्ट लेकर मंगलवार की रात में ट्रक लूट लिया। चालक को मेरठ जनपद के सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र में बांधकर फेंक गए।
सोनीपत जनपद के कहरा गांव निवासी शिव कुमार पुत्र टीका राम ट्रक चालक है। वह सोनीपत निवासी नरेंद्र कुमार का ट्रक चलाता है। मंगलवार की रात में सोनीपत से ट्रक में फोम लेकर सहारनपुर के लिए चला था। रात्रि में डेढ़ बजे के लगभग जब वह बागपत में गौरीपुर मोड़ पर पहुंचा तो तीन युवकों ने उससे लिफ्ट ली। उसने तीनों को ट्रक में बैठा लिया। थोड़ा आगे चलते ही तीनों युवकों ने तमंचे के बल पर उसे बंधक बना लिया। एक बदमाश ट्रक चलाने लगा। विरोध करने पर चालक की पिटाई की । बदमाश बड़ौत से होते ट्रक को मेरठ की तरफ लेकर चले गए। मेरठ जनपद के सरूरपुर खुर्द थाना क्षेत्र में चालक के हाथ-पैर बांध कर फेंक गए। बुधवार को किसी तरह चालक बंधन मुक्त होकर सरूरपुर खुर्द थाने में पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने घटना स्थल बागपत का बताकर उसे टरका दिया। उसने ट्रक मालिक को सूचना दी। ट्रक मालिक बृहस्पतिवार को चालक को लेकर बागपत कोतवाली पहुंचे। पुलिस से घटना के बारे में बताया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि ट्रक लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है।