पुलिस दो दिन बाद भी हप्पू से कुछ नहीं उगलवा पाई
बड़ौत (बागपत)। एक लाख के इनामी बदमाश अजित उर्फ हप्पू के दो दिन पुलिस कस्टडी रिमांड बीतने के बाद भी पुलिस उससे कुछ नहीं उगलवा पाई है। पुलिस यह कहकर पल्ला झाड़ रही है कि कुछ बरामदगी कराई जाएगी। पुलिस हप्पू को राजस्थान से पकड़कर लाई और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। शनिवार सुबह पुलिस चार दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर कोतवाली ले आई और दो दिन से उससे पूछताछ का सिलसिला जारी है। दो दिन बाद भी पुलिस उससे खास उगलवा नहीं पाई है। कोतवाली की हवालात में अकेले हप्पू को ही रखा है और किसी आरोपी को हवालात में नहीं रखा जा रहा है और उस पर कड़ा पहरा है। इस संबंध में सीओ रामांनद कुशवाहा ने बताया कि अभी तक उससे कुछ नहीं मिल पाया है। कुछ गोपनीय बातें जरूर पता लगी है। उसे उजागर नहीं किया जा सकता। अभी रिमांड के दो दिन शेष हैं।