बागपत। बड़ौत में सभासद प्रत्याशी मोनिका के पति पर जानलेवा हमला करने के आरोपी वरुण लुहारी ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसको पुलिस ने पीसीआर पर लेकर वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है।
बड़ौत के गुराना रोड निवासी प्रमोद शर्मा की पत्नी मोनिका शर्मा निकाय चुनाव में सभासद का चुनाव लड़ी थी। 29 नवंबर को मतदान के समय प्रमोद की विपक्षी प्रत्याशी के समर्थकों से कहासुनी हो गई थी। उस समय लोगों ने बीच-बचाव करा दिया था। अगले दिन प्रमोद पर गुराना रोड पर ही बाइक सवार तीन लोगों ने फायरिंग कर दी थी। वह गोली लगने से घायल हो गया था। आरोपी अपनी बाइक को छोड़कर फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया था। घायल प्रमोद के पिता श्रद्धानंद शर्मा की तहरीर पर आरोपी मोंटू, गौतम, सचिन, वरुण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी वरुण निवासी बड़ौत ने पुलिस को चकमा देकर 11 दिसंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जो मूलरूप से लुहारी गांव का रहने वाला है। उसको पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी लगाई थी। अनुमति मिलने पर पुलिस उसको जेल से लेकर आई। बड़ौत कोतवाल हरेराम यादव का कहना है कि आरोपी वरूण की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा और गोली का एक खोखा बरामद हुआ है।