बागपत। अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस सिस्टम नाकाम। बाइक सवार दो बदमाशों ने शहर में घर के बाहर बैठी न्यायिक अधिकारी की पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली। दिन निकलते ही वारदात से पुलिस के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही एएसपी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में पुलिस बल के साथ कांबिंग की, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
शहर में एक न्यायिक अधिकारी की पत्नी बुधवार को सुबह के समय करीब साढ़े आठ बजे अपने घर के बाहर बैठी हुई। इसी समय बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़ित ने इसकी सूचना अपने पति सहित परिजनों को दी। एसपी को वारदात से अवगत कराया । चेन स्नैचिंग की खबर से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन शुरू की। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया । एएसपी अजय कुमार सिंह ने बताया अभी तक तहरीर नहीं मिली। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम लगी हुई है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।