बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर परिवार पर हमला किया। किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर कपड़े फाड़ दिए। इससे वहां पर हंगामा हो गया।
पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। आए दिन उनके साथ गाली-गलौज कर झगड़ा करते हैं। कई बार उनको समझाया गया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। आरोप है कि आरोपियों ने दो दिन पूर्व उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। परिवार के सदस्य की बुरी तरह से पिटाई की। उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर कपड़े फाड़ दिया। शोरशराबा होने पर मोहल्ले के काफी लोग इकट्ठे हो गए। जिन्हें देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसकी तहरीर पर आरोपी शौकीन, इमरान, नदीम समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पुराना कस्बा में महिला से अभद्रता, हंगामा
बागपत। शहर के पुराना कस्बा में एक महिला के साथ पड़ोस के ही युवक ने गाली-गलौज कर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। उसने पुलिस से शिकायत की है।