खेकड़ा (बागपत)।
डूंड़ाहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन कॉलोनी में व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को जंगली कुत्तों ने बुरी तरह से नोंच रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। व्यक्ति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर तहरीर दी।
खेकड़ा निवासी नरेंद्र (52) सोमवार की शाम सात बजे के लगभग घर से बाहर पर किसी काम से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। मंगलवार की सुबह नरेंद्र का शव डूंडाहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन कॉलोनी में पड़ा मिला। शव को जंगली कुत्तों ने नोंच रखा था। उसके सिर में चोट का निशान मिला। शव के पास ही उसकी बाइक पड़ी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना स्थल से मृतक का मोबाइल मिला। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मृतक के परिजनों ने बताया कि नरेंद्र की हत्या की गई है। उसकी मौत से परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि वह ब्याज पर रुपये लेनदेन का काम करता था। बेटे ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मृतक के सिर में पीछे की तरह चोट लगी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस को तहरीर मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। गिरने से भी चोट लग सकती है।