बागपत। रमाला थाना क्षेत्र के थल गांव में युवक ने पत्नी के रहते हुए प्रेमिका से निकाह कर लिया। पीड़ित ने एसपी से हस्तक्षेप कर न्याय की गुहार लगाई।
असारा निवासी शबनम ने एसपी को दिए ज्ञापन में बताया उसके पिता यासीन ने 2009 में उसका निकाह थल निवासी गुलफाम उर्फ समीर पुत्र अली नवाज के साथ किया । शादी 4-5 साल तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन इसके बाद पति के दूसरी महिला से अवैध संबंध हो गए। पत्नी को पता चला तो उसने इसका विरोध किया। इसको लेकर पंचायत हुई। पति ने पंचायत में माफी मांगी और अवैध तोड़ लिए। इसके बाद पति का असारा निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। दो साल पहले पति अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया और मुजफ्फरनगर में पत्नी के रहते प्रेमिका से दूसरा निकाह कर लिया और वहीं रहने लगा। इसको लेकर काफी हंगामा हुआ। पति ने दोनों पत्नियों के साथ रहने को कहा। इस पर शबनम अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल में ही सास-ससुर के पास रहने लगी। पति कभी-कभी उसके पास आता है। उसने प्रेमिका को छोड़ने को कहा तो पति ने उसके साथ मारपीट कर मारने की धमकी दी। पीड़ित महिला ने रमाला थाने में पति, देवर, ननदोई के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसपी से हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की।