दोघट (बागपत)। गांगनौली व दोघट के बीच बाइक सवार युवक से पांच सशस्त्र बदमाशों ने दो हजार रूपये की नगदी व मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। इस संबंध में उसने थाने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। लूट का शिकार हुआ राजीव किरठल गांव का रहने वाला है। वह ट्रैक्टर-ट्राली से भैंसाना चीनी मिल के मौजिजाबाद नांगल गांव स्थित गन्ना क्रय केंद्र से गन्ना ढुलाई का काम करता है। शुक्रवार रात वह मिल में गन्ना डालकर वापस मौजिजाबाद नांगल क्रय केंद्र पर पहुंचा और ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर बाइक से अपने गांव किरठल के लिए चल गया। जब वह दोघट व गांगनौली के बीच पहुंचा तो पांच बदमाशों ने उसे तमंचों के बल पर रोक लिया और उससे दो हजार रूपये की नगदी व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वह वापस गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। इस संबंध में उसने थाने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।