पुलिस पर युवकों से दो हजार रुपयेे छीनने का आरोप
बड़ौत। बिजरौल रोड पर बृहस्पतिवार रात वाहन की इंतजार कर रहे दो युवकों से गश्ती पुलिस के सिपाहियों ने दो हजार रुपये जेब से निकाल लिए और मना करने पर उन्हें धमकी भी दी। उन्होंने दो सिपाहियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मुलसम गांव निवासी महेश और काला दो दिन पूर्व हरियाणा के गन्नौर में किसी काम के लिए गए थे। बृहस्पतिवार रात वे वापस आए और बिजरौल रोड पर गांव जाने वाली बस की इंतजार कर रहे थे। वहीं उन्होंने खड़ी ठेली पर कोल्ड ड्रिंक भी पी। इसी दौरान दो गश्ती सिपाही आए और उन्होंने उन्हें टोका। आरोप है कि सिपाहियों ने जबरन उनके जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए और विरोध करने पर उन्हें अंदर बंद करने की धमकी दे डाली। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।