बागपत। काठा गांव में हाईटेंशन लाइन टूटकर भैंस के ऊपर गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
काठा गांव निवासी इकबाल मंगलवार सुबह मकान के सामने गली में अपनी भैंस नहला रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन टूटकर भैंस के ऊपर गिर गई। उसकी करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इकबाल ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ हंगामा किया। उनका कहना है कि लाइन जर्जर हो रही है, आए दिन लाइन टूटती रहती है। कई बार घटना हो चुकी है। शिकायत करने के बाद भी लाइन नहीं बदली जा रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलवाने और लाईन बदलवाने की मांग की है। उधर एक्सईएन राजवीर सिंह ने कहा इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।