बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय है। उसने बताया कि बुधवार को वह अपने पांच-छह दोस्तों के साथ चमरावल रोड से जा रहा था। इसी दौरान एक विशेष समुदाय के युवक से उनकी विवाद हो गया। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे को आपत्तिजनक शब्द कहे। इसी को लेकर बृहस्पतिवार को वह राष्ट्रवंदना चौक पर खड़ा था। इसी दौरान विशेष समुदाय के छह-सात युवक वहां आए और उसे मारपीट कर घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। हिंदू संगठन के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में फैसला हो गया है। युवकों में मामूली कहासुनी हो गई थी। कोई तनाव नहीं है।