बागपत। हरियाणा के पानीपत निवासी दो सगी बहनों की शादी 2009 में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दो भाइयों के साथ हुई । उनके पति तीन भाई हैं। सबसे बड़ा भाई अविवाहित है। आरोप है कि शादी के बाद से ही जेठ दोनों बहनों पर बुरी नीयत रखता है। जब उनके पति बाहर चले जाते है तो जेठ उनके साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डाला है। कई बार विरोध करने पर वह दोनों बहनों की पिटाई भी कर चुका है। एक माह पहले छेड़छाड़ का विरोध करने पर छोटी बहन की बेरहमी से पिटाई की । उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगी थी। महिला तभी से ही अपने मायके में रह रही है। उसने जेठ के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन बाद में पंचायत कर महिला से जबरन समझौते पर हस्ताक्षर करा लिए। अब महिला का पति उसे ससुराल नहीं ले जा रहा है। पति कहता है कि यदि ससुराल आना है तो मेरे बड़े भाई के साथ अनैतिक संबंध बनाने होंगे। शनिवार को दोनों बहनों ने कोतवाली में पहुंचकर पति और जेठ के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। महिलाओं ने एसपी को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।