बागपत। अमीनगर सराय की डकैती के मामले में किरकिरी झेल रहे अफसरों ने कार्रवाई का चाबुक चलाया। सिंघावली अहीर थाने के इंस्पेक्टर तेजेंद्र पाल सिंह को सस्पेंड कर दिया । डकैती का खुलासा नहीं होने पर इससे पहले सराय चौकी इंचार्ज समेत आठ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। बुधवार सुबह बागपत के लोनिवि गेस्ट हाउस में सांसद सत्यपाल सिंह की मौजूदगी में व्यापारियों और एसपी डी प्रदीप कुमार की बातचीत होनी है। इस बैठक में शामिल होने से पहले ही एसपी ने यह कार्रवाई का चाबुक चलाया है। जिस कारण इस कार्रवाई को व्यापारियों के लिए सिर्फ दिलाशा माना जा रहा है। असलियत में बागपत के मोबाइल शॉप में पचास लाख की चोरी, रटौल में लोहा व्यापारी पर हमले के बाद अमीनगर सराय में सरेआम डकैती की वारदात से कानून व्यवस्था सवालों में घिरी है। वारदात के बाद सांसद डॉ सत्यपाल सिंह पहली बार व्यापारियों से रूबरू होंगे। वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। देखने वाली बात यह होगी कि इस कार्रवाई से व्यापारी कितने संतुष्ट हो पाते हैं।