रोडवेज की टक्कर से भैंसें की मौत, किसान ने कूदकर बचाई जान
बड़ौत (बागपत)। बामनौली गांव में शनिवार की रात्रि में रोडवेज बस ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग से गुजर रही भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी। इससे भैंसें की मौत हो गई, जबकि किसान ने बुग्गी से कूदकर जान बचाई। घटना को लेकर आक्रोशित किसानों ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी किसानों की नोकझोंक हुई। हालांकि बाद मेें पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
शनिवार की रात्रि में बामनौली गांव का किसान सचिन पुत्र रामपाल भैंसा-बुग्गी मेें सवार होकर खेत से घर जा रहा था। जब वह गांव के नजदीक पहुंचा तो बुढ़ाना से बड़ौत जा रही एक रोडवेज ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे भैंसें की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किसान सचिन ने बुग्गी से कूदकर अपनी जान बचाई। भैंसा-बुग्गी में टक्कर मारने के बाद बस चालक बस को छोड़कर वहां से भाग निकला। इसकी सूचना पर काफी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आक्रोशित किसान उनसे भी उलझ गए। हालांकि बाद में घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। इसमें बसंत, रोहित, पंकज, रोहन, प्रवेश, अंतिम, जोगेंद्र, नाहर सिंह, प्रमोद, अमरपाल, हरेंद्र, सुरेंद्र, हरपाल आदि रहे।