बागपत। अपराधियों ने पुलिस की सक्रियता के तमाम दावों की पोल खोल दी है। फुट (पैदल) पेट्रोलिंग समेत पुलिस को चौकस रखने के अभियान भी काम नहीं आ सके। एक या दो नहीं बल्कि 12 घंटे में ही चार लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात अलग-अलग जगह हुई। अफसरों का कहना है कि वारदातों का जल्द खुलासा किया जाएगा।
बड़ौत में उद्यमी अक्षय सोलंकी की सनसनीखेज हत्या पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर अंजाम दी गई है। दोपहर के समय हत्या हुई, चार गोलियां चलाई गई, लेकिन किसी को पता नहीं चला। आरोपी दंपति वारदात के बाद फरार हो गया। इससे पहले चांदीनगर थाना क्षेत्र के पांची गांव में खेत की रखवाली करने गए किसान अमित त्यागी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को यहां ग्रामीणों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। एसपी मौके पर पहुंचे और जल्द ही वारदात के खुलासे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के पिलाना में अमित नाम के युवक की रस्सी से फांसी देकर हत्या कर दी। लाश कमरे में पत्नी के पास ही पड़ी मिली, लेकिन पुलिस के हाथ खाली है। तीसरी वारदात गांगनौली गांव में विवाहिता की हत्या की हुई। ससुरालियों ने पहले पिटाई की और फिर जहर दे दिया। मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एक के बाद एक वारदात से पुलिस की सक्रियता के तमाम दावों की पोल खुल गई है। पुलिस रोजाना फुट पेट्रोलिंग कर रही है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े।
दिल्ली रोड पर मिली लाश
बागपत। शहर में रीवर पार्क के पास भी लाश मिली है। सिर में चोट लगी है। हालांकि मौत को दुर्घटना में माना जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
जल्द होगा खुलासा : एएसपी
बागपत। एएसपी रण विजय सिंह का कहना है कि सभी वारदातों में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द खुलासा होगा।